बरेली : यूपी के बरेली में अधिवक्ता कमल कुमार की आत्महत्या के मामले में बड़ा मोड़ आया है। पुलिस ने पत्नी कोमल, उसके प्रेमी अमर कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोप है कि पत्नी ने सोशल मीडिया पर बने अवैध रिश्ते के चलते पति को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया। जिसके चलते उसने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस मामले ने बरेली के अधिवक्ता समाज में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।
11 साल की शादी टूटी इंस्टाग्राम प्रेम कहानी से

थाना कैंट क्षेत्र के चनेहटी गांव निवासी अधिवक्ता कमल कुमार की शादी 11 साल पहले कोमल से हुई थी। दोनों के दो छोटे बेटे हैं। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, करीब छह महीने पहले कोमल की इंस्टाग्राम पर शामली निवासी अमर कुमार से पहचान हुई थी। ऑनलाइन बातचीत के बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ीं, और तीन महीने पहले कोमल अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई, बच्चों को पीछे छोड़ते हुए।
पति को धमकी- “तुझे रास्ते से हटा दूंगा, तुझे मरवा दूंगा”
कमल के पिता राजेंद्र कुमार ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि कोमल और अमर लगातार उनके बेटे को धमकियां दे रहे थे। तीन दिन पहले कोमल ने फोन पर कमल को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी।
इसके साथ ही कोमल की मौसी सीमा और उसकी बेटी श्वेता भी लगातार कमल का मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे। राजेंद्र ने बताया कि अमर कुमार ने कमल से कहा था, “तुझे रास्ते से हटा दूंगा”, जिसके बाद कमल गहरे तनाव में चला गया।
सुसाइड नोट में लिखा- “मुझे मेरी पत्नी और उसके प्रेमी ने मरने पर मजबूर किया”
मानसिक तनाव से परेशान कमल कुमार ने रविवार को सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उन्होंने सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उन्होंने साफ लिखा कि उनकी मौत के लिए पत्नी कोमल, प्रेमी अमर, अमर के परिजन और कोमल की रिश्तेदारें जिम्मेदार हैं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन सोमवार सुबह कमल ने दम तोड़ दिया।
पत्नी की रील्स और सोशल मीडिया पोस्ट कर रहीं थीं सब बेनकाब
परिजनों ने बताया कि कमल हाल के दिनों में कोमल की सोशल मीडिया रील्स और अमर के साथ पोस्ट देखकर टूट चुके थे। वह अक्सर कहते थे कि “मैं अपने बच्चों के सामने बदनाम नहीं जी सकता।”
इन्हीं भावनात्मक तनावों के चलते उन्होंने अपनी जान दे दी।

चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, जांच तेज
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने मीडिया को बताया कि “राजेंद्र कुमार की तहरीर पर कोमल, अमर कुमार, सीमा और श्वेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना चल रही है, साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी और विधिक कार्रवाई की जाएगी। ”सोमवार को बरेली बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता कमल कुमार के निधन पर शोकसभा आयोजित की।
परिवार में मातम- दो छोटे बेटों के सिर से उठा पिता का साया
कमल कुमार के घर में दोनों मासूम बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन कहते हैं, “जिस बेटे ने पूरे जीवन ईमानदारी से वकालत की, उसे सोशल मीडिया की झूठी दुनिया ने निगल लिया।”
