10 हजार बनाम 60 हजार का विवाद! दबाव में टूटा व्यापारी, दुकान में लगाई फांसी
बरेली : यूपी के बरेली देहात की नवाबगंज कोतवाली थाना क्षेत्र में हार्डवेयर व्यापारी बुद्धसेन गंगवार की आत्महत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दबाव, धमकी और मानसिक प्रताड़ना के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। इस घटना के बाद गंगवार कॉलोनी में हंगामा खड़ा हो गया और परिवार आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गया।
लेनदेन के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़
परिवार के मुताबिक, पड़ोसी गांव सूडयावा निवासी मुकेश कुमार ने रुपये के लेनदेन को लेकर पुलिस में शिकायत की थी। परिजनों का दावा है कि विवाद केवल 10 हजार रुपये का था, लेकिन इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया और पुलिस ने बिना जांच दबाव बनाना शुरू कर दिया।वहीं, पुलिस का कहना है कि बुद्धसेन ने लोन पास कराने के नाम पर करीब 60 हजार रुपये लिए थे। इसकी शिकायत पर कार्रवाई की गई थी।
बेटे को थाने ले जाने पर बढ़ा तनाव
मृतक के बेटे दिनेश के अनुसार, बुधवार शाम पुलिस टीम घर पहुंची, और छोटे बेटे अखिलेश को थाने ले गई। परिवार का आरोप है कि वहां उसके साथ बदसलूकी की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जिससे परिवार पर दबाव बढ़ गया।
फोन पर धमकी से टूटे बुद्धसेन
परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अखिलेश के मोबाइल से ही बुद्धसेन को फोन कराया और कथित तौर पर गाली -गलौज करते हुए पैसे लेकर तुरंत आने को कहा, नहीं तो बेटे को जेल भेजने की धमकी दी। इसी मानसिक दबाव में आकर बुद्धसेन ने शाम करीब 5:30 बजे अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
FIR की मांग पर अड़ा परिवार, इलाके में तनाव
घटना के बाद गंगवार कॉलोनी में भारी तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर फोर्स तैनात कर दी है। शव घर पहुंचने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और साफ कहा कि जब तक दोषियों पर मुकदमा दर्ज नहीं होगा, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मौके पर एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी परिजनों को समझाने में जुटे हैं।
जानें क्या बोले सीओ नवाबगंज
सीओ नवाबगंज ने The Justice Hindi को बताया कि मुकेश कुमार की शिकायत पर बुद्धसेन के बेटे को थाने लाया गया था। दोनों पक्षों में बातचीत के बाद उसे घर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
