बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) शहर के विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी में है। इसके तहत बरेली में दो नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इनमें एक बड़ी आवासीय टाउनशिप दिल्ली -लखनऊ बड़े बाईपास और बरेली -पीलीभीत हाईवे के पास बनाई जाएगी, जबकि दूसरी औद्योगिक टाउनशिप दिल्ली रोड के किनारे विकसित होगी। बीडीए अब तक दोनों परियोजनाओं के लिए 445.27 करोड़ रुपये खर्च कर 88 हेक्टेयर जमीन खरीद चुका है और बाकी जमीन खरीदने व अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
दिल्ली-लखनऊ बाईपास के पास बनेगी नई आवासीय टाउनशिप
बीडीए ने इस आवासीय योजना के लिए कुम्हरा, नवदिया कुर्मियान, अडूपूरा जागीर, बरकापुर, कलापुर, हरिहरपुर, अहलादपुर, आसपुर खूबचन्द्र और मोहरनियां समेत नौ गांवों की करीब 267 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की है। इसमें से कुछ जमीन पुनर्ग्रहण के जरिए ली जाएगी, जबकि बाकी जमीन किसानों और भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है। प्राधिकरण अब तक 424.36 करोड़ रुपये खर्च कर 78 हेक्टेयर जमीन खरीद चुका है। इस टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, 132 केवीए का बिजली केंद्र, कम्युनिटी सेंटर और एम्यूजमेंट पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे लोगों को आधुनिक जीवनशैली की सुविधाएं एक ही जगह मिल सकें।
दिल्ली रोड पर बनेगी आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप
मुख्यमंत्री की योजना के तहत बरेली में एक नई औद्योगिक टाउनशिप भी विकसित की जा रही है। इसके लिए रसूला चौधरी, भिटौरा नौंगवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली और रहपुरा जागीर गांवों में करीब 126 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। इस योजना में कुछ जमीन ग्राम समाज और सरकारी भूमि से प्राप्त की जाएगी, जबकि बाकी जमीन आपसी सहमति से खरीदी जा रही है। बीडीए अब तक इस परियोजना के लिए 20.91 करोड़ रुपये खर्च कर 10 हेक्टेयर जमीन खरीद चुका है। इस टाउनशिप का उद्देश्य नए उद्योगों को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
उद्योगों के लिए मिलेंगी सभी आधुनिक सुविधाएं
बीडीए के मुताबिक औद्योगिक टाउनशिप में उद्योग लगाने वालों को सभी जरूरी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां चौड़ी सड़कें, भूमिगत बिजली व्यवस्था, पानी की सप्लाई, सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम, हरित क्षेत्र, ई -चार्जिंग स्टेशन, गैस लाइन, कॉमन पार्किंग, कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था और फायर स्टेशन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्राधिकरण का कहना है कि दोनों योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनके पूरा होने के बाद बरेली में बेहतर आवासीय सुविधाएं बढ़ेंगी, नए उद्योग स्थापित होंगे और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
