तेज बहाव में फंसकर गई दोनों युवकों की जान, नानी के दसवें में शामिल होने आए थे, परिवार ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
बरेली : यूपी के बरेली में बड़ा हादसा हो गया। यहां नदी में नहाने गए दो युवकों की पानी के तेज बहाव में फंसकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान मगन (25 वर्ष) पुत्र गौरीशंकर, निवासी रेती जसौली और गौरव (30 वर्ष) पुत्र पप्पू, निवासी मलूकपुर के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे भाई थे और अपने मामा मेघ सिंह के घर नानी के दसवां संस्कार में शामिल होने फतेहगंज पूर्वी स्थित गांव आए थे। मगर, इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
तेज बहाव में फंसकर गहराई में समाए दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक दोपहर करीब नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान अचानक तेज बहाव आया और दोनों उसमें फंसकर गहराई में डूब गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया।
शुक्रवार को मिले, अस्पताल में मौत
ग्रामीणों की मदद से मगन को नदी से बाहर निकाला गया और आनन -फानन में बरेली अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरे युवक गौरव की तलाश के लिए गोताखोर लगाए गए। देर रात तक चली तलाशी अभियान के बाद शुक्रवार सुबह उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। दोनों परिवारों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
थाना प्रभारी का बयान- “बेहद दुखद हादसा, सतर्क रहें”
थाना प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नदी में नहाते समय सावधानी जरूर बरतें। साथ ही बताया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नदी किनारे सुरक्षा प्रबंध बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों में कोहराम
दुर्घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। परिजनों और ग्रामीणों पर इस हादसे ने गहरा सदमा छोड़ा है। पुलिस और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
