बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गांव पनवरिया के पास बहगुल और भाखड़ा नदी के संगम में नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे।जानकारी के अनुसार रहपुरा जागीर गांव निवासी प्रवीन कुमार, दीपक, बॉबी और विपिन (उम्र करीब 10 से 12 वर्ष) रविवार दोपहर करीब तीन बजे संगम पर नहाने पहुंचे थे। नहाते समय अचानक तेज धारा में फंसकर चारों बच्चे बहने लगे और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।
जान जोखिम में डालकर बचाने नदी में कूदे लोग

ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगा दी, और काफी मशक्कत के बाद दीपक, विपिन और बॉबी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, 12 वर्षीय प्रवीन कुमार तेज धारा में बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
एसडीआरएफ की टीम जुटी तलाश में

इसके बाद आलोक कुमार सिंह को सूचना देकर एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम को बुलाया गया। एसडीएम ने बताया कि लापता बच्चे की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चलाएगी। उधर, प्रवीन के नदी में लापता होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और बच्चे के सुरक्षित मिलने की दुआ करते रहे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
