बरेली में एनआरएलएम योजना में 67.79 लाख की गड़बड़ी,तत्कालीन बीएमएम पर एफआईआर दर्ज
बरेली : यूपी के बरेली जिले के नवाबगंज में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (National Rural Livelihoods Mission) के तहत बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। जांच में करीब 67.79 लाख रुपये की गड़बड़ी मिलने के बाद तत्कालीन ब्लॉक मिशन मैनेजर अमित कुमार के खिलाफ थाना नवाबगंज में एफआईआर दर्ज कराई गई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खण्ड विकास अधिकारी महेश चन्द्र शाक्य की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार अमित कुमार ने 06 जनवरी 2021 को पहली बार और 06 जून 2022 को दूसरी बार बीएमएम पद का कार्यभार संभाला था। उनके पास एमएफएफआई का अतिरिक्त चार्ज भी था और वह नोडल बीएमएम के रूप में कार्य कर रहे थे।
जांच में सामने आया बड़ा वित्तीय अंतर
जांच रिपोर्ट के अनुसार उनके कार्यकाल में 35 स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि (CIF) के तहत धनराशि दी जानी थी। नियम के अनुसार प्रति समूह 1.10 लाख रुपये के हिसाब से कुल 38.50 लाख रुपये ही भेजे जाने थे, लेकिन जांच में पाया गया कि समूहों के खातों में 1 करोड़ 6 लाख 29 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। इस तरह करीब 67 लाख 79 हजार रुपये अतिरिक्त भेजे जाने की पुष्टि हुई, जिसे गंभीर वित्तीय अनियमितता माना गया है।
वित्तीय निगरानी की थी जिम्मेदारी
मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निर्देशों के अनुसार नोडल बीएमएम को स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों के वित्तीय लेन-देन की निगरानी की जिम्मेदारी होती है। जांच में यह भी सामने आया कि मानक से अधिक भेजी गई धनराशि की वसूली के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले को गंभीर मानते हुए उपायुक्त (स्वतः रोजगार) के निर्देश पर खण्ड विकास अधिकारी महेश कुमार शाक्य ने थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब पूरे वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
