बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में एक महिला को जान से मारने की धमकी देने और हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़िता की शिकायत पर जगतपुर चौकी पुलिस ने एक वकील समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घेर जाफर खां निवासी महिला गुलशन ने आरोप लगाया है कि तीन सगे भाई काफी समय से उसके परिवार को परेशान कर रहे हैं। महिला का कहना है कि वह अपनी दो बेटियों के साथ घर पर मौजूद थी, तभी आरोपी उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने परिवार को जान से मारने की धमकी दी और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी।
दुकान पर थे पति और बेटे
गुलशन के मुताबिक उस समय उसके पति और दोनों बेटे दुकान पर गए हुए थे। घटना के दौरान परिवार की महिलाएं और बच्चे काफी डर गए। पीड़िता का आरोप है कि तीनों भाई इलाके में दबंगई करते हैं और पहले भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद उनकी हरकतें नहीं रुकीं। महिला ने घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए लोगों में एक पेशे से वकील भी है। बारादरी इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में एक फायर होने की बात सामने आई है। तहरीर और वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
