डीएम अविनाश सिंह ने की तैयारियों की समीक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भर्ती कराने के निर्देश
बरेली : भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली 11 मार्च से 23 मार्च 2026 तक जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली में आयोजित की जाएगी। इस भर्ती में उत्तर प्रदेश के 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। भर्ती की तैयारियों को लेकर डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रशासनिक और सेना के अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।बैठक में डीएम ने सभी संबंधित विभागों को भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को दो दिन के भीतर बैरिकेडिंग पूरी करने, बिजली विभाग को जनरेटर की व्यवस्था करने और स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस व चिकित्सकीय टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए।
12 जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल

सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि इस भर्ती रैली में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं जिलों के हजारों अभ्यर्थी भाग लेंगे। भर्ती प्रक्रिया विभिन्न श्रेणियों में निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित की जाएगी।
इस तरह रहेगा भर्ती कार्यक्रम
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च को अग्निवीर (टेक्निकल) के लिए सभी 12 जिलों के अभ्यर्थियों की दौड़ होगी। 12 मार्च को अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं व दसवीं) और अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के लिए भर्ती होगी। इसके बाद 13 मार्च को बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी, 14 मार्च को शाहजहांपुर और सीतापुर, 15 मार्च को संभल और पीलीभीत, 16 मार्च को हरदोई, 17 मार्च को फर्रुखाबाद, 18 मार्च को बदायूं और 19 मार्च को बरेली जिले के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी की भर्ती आयोजित की जाएगी।
सुबह 6 बजे से शुरू होगी दौड़
भर्ती प्रक्रिया के तहत 11 मार्च से रोजाना सुबह 6 बजे से दौड़ शुरू होगी। सेना भर्ती निदेशक ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले पहुंचने, अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर साथ लाने और सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर आने की अपील की है। जिन अभ्यर्थियों को ई-मेल से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी हो रही है, वे सेना भर्ती कार्यालय बरेली में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों के लिए ठहरने और भोजन की व्यवस्था
भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 10 मार्च की शाम से ही जाट रेजीमेंट परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। यहां उनके रुकने, पीने के पानी, शौचालय और भुगतान के आधार पर भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि बाहर से आने वाले युवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
नगर निगम और रोडवेज भी जुटे तैयारियों में
नगर निगम की ओर से बायोटॉयलेट, पानी के टैंक, डस्टबिन और सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की जा रही है। वहीं रोडवेज विभाग को भर्ती स्थल तक आने-जाने के लिए विशेष बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा फायर ब्रिगेड और पंचायत राज विभाग को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अफवाहों और दलालों से दूर रहने की अपील
प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचें, अपने दस्तावेज साथ रखें और किसी भी तरह की अफवाह या दलालों के झांसे में न आएं। बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, एआरएम रोडवेज समेत सेना और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
