परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप,पुलिस बोली-पोस्टमॉर्टम के बाद साफ होगा सच
बरेली/पीलीभीत : यूपी के पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के पटनिया गांव निवासी 27 वर्षीय आदेश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। रविवार को आदेश का शव बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव मनपुरा के पास एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रेमिका के घरवालों ने आदेश को बेरहमी से पीटा और इसके बाद में हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे। हालांकि, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानें क्या हुआ था?
जानकारी के अनुसार, आदेश का उपयोग कपूरपुर गांव की एक युवती से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात आदेश युवती के बुलाने पर उससे मिलने उसके गांव गया था। वहीं पर कथित तौर पर लड़की के परिजनों और गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में आदेश जमीन पर बेसुध पड़ा हुआ है, उसकी नाक से खून बह रहा है, और कोई उसे डंडों से मार रहा है। परिजनों का कहना है कि यही मारपीट उसकी मौत का कारण बनी। आदेश के पिता ने कहा “मेरे बेटे को बुलाकर मारा गया। उनकी नीयत हत्या करने की थी। बाद में बदनाम करने के लिए फांसी लगा दी।”
परिजनों का आरोप
परिजनों का दावा है कि प्रेमिका के परिवार ने आदेश को पीट-पीटकर मार डाला। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ पर टांग दिया। आरोपी घटना के बाद से गांव में नजर नहीं आ रहे हैं। परिवार ने सख्त कार्रवाई और हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस मामले में फरीदपुर थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि “युवक के शरीर पर चोटों के निशान हैं। मगर, यह स्पष्ट नहीं है कि मौत पिटाई से हुई, या युवक ने किसी दबाव में आत्महत्या की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण पता चल सकेगा। फॉरेंसिक टीम बुलाकर मौके से सैंपल लिये गये हैं। जांच की जा रही है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।”वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस साक्ष्य जुटाएगी। परिवार की शिकायत पर हत्या की धारा जोड़ने की संभावना। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मौत की असली वजह तय करेगी।
