बरेली : यूपी के बरेली में मंगलवार देर रात डेलापीर क्षेत्र में बाइक सवार नकाबपोश लुटेरों ने चलती बाइक पर बैठे परिवार को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। घटना में महिला का पर्स छीने जाने के दौरान सड़क पर गिरने से उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। शहर के इज्जतनगर क्षेत्र के कंजादासपुर निवासी बशीर अली (राजा) अपनी पत्नी गुलशन और बेटी के साथ बेटे अमन की दवा लेने डेलापीर स्थित मेहंदीरत्ता अस्पताल गए थे। आरोप है कि दवा लेकर रात करीब साढ़े नौ बजे लौटते समय गल्ला मंडी के सामने दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी पत्नी के हाथ से पर्स छीन लिया। पर्स छीने जाने के दौरान महिला सड़क पर गिर गई और उनकी बेटी भी बुरी तरह घायल हो गई।
राहगीरों ने अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल मदद कर घायल बच्ची को आला हजरत अस्पताल पहुँचाया। यहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि पर्स में करीब 8,000 रुपये और आवश्यक कागजात रखे थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके बहनोई रहमत खां बदायूं में दरोगा पद पर तैनात हैं, इसके बावजूद शहर में इस तरह की घटनाएँ पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
