दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर डरावना हादसा, फंसे चालक को फायर टीम ने केबिन काटकर निकाला बाहर
बरेली : यूपी के बरेली शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब सात बजे हाईवे पर एक ट्रक ने खड़ी जेसीबी मशीन में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसका चालक स्टीयरिंग, एवं सीट के बीच बुरी तरह फंस गया, तो वहीं, टक्कर से जेसीबी का पहिया भी अलग हो गया।
स्टीयरिंग काटकर निकाला ड्राइवर
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस और फायर सर्विस की टीम पहुंची। फायरकर्मियों ने विशेष उपकरणों की मदद से ट्रक की सीट और स्टीयरिंग काटकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान इसरार अहमद निवासी हाफिजगंज के रूप में हुई है। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
ड्राइवर को झपकी आने से हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक दिल्ली से बरेली की ओर आ रहा था और थाने के पास हादसा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की स्थिति को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
