बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपने घर का इकलौता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाम सावन सुमाली निवासी शिवा सिंह अपने साथी आकाश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गुडवारा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया
हादसे के बाद पहुंची पुलिस, इलाज को भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल आकाश को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा, और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया। मगर, उसका चालक फरार है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक शिवा सिंह अपने परिवार का इकलौता सहारा था। वह सरिया बांधने का काम करता था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक शिवा सिंह पांच भाई-बहनों में से एक था। मां अर्शी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है
पूरे गांव में मातम का माहौल है, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी बाइक चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
