सपा के राष्ट्रीय सचिव बोले – गुरु गोविंद सिंह को बचाने में मुस्लिमों की भूमिका
बरेली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर ने भाजपा पर सिखों का इतिहास तोड़-मरोड़कर पेश करने और समाज में नफरत फैलाने के गंभीर आरोप लगाए। बरेली जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि सिख समाज अब “फूट डालो, राज करो” की राजनीति को समझ चुका है और इसका जवाब 2027 के चुनाव में देगा।
“गुरु गोविंद सिंह को बचाने में मुस्लिमों की भूमिका”
सपा नेता ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह को बचाने में गनी और नबी खान जैसे मुस्लिम महापुरुषों की अहम भूमिका रही, लेकिन भाजपा इसे गलत तरीके से पेश कर रही है। उन्होंने पीर बुद्ध शाह की कुर्बानी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने गुरु साहब के लिए अपने बेटों और भतीजे तक की जान दे दी थी। ऐसे ऐतिहासिक उदाहरणों को नजरअंदाज कर समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है।
तराई के सिख किसानों का मुद्दा उठाया
सपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा लखीमपुर खीरी और पीलीभीत के तराई क्षेत्र में सिख किसानों के जमीन के अधिकारों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बंटवारे के बाद सिख परिवारों ने बंजर जमीन को मेहनत से उपजाऊ बनाया, लेकिन अब उनसे मालिकाना हक छीना जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 50 एकड़ जमीन छीन ली है और हजारों एकड़ जमीन पर संकट मंडरा रहा है।
महंगाई और पंचायत चुनाव पर भी घेरा
सपा नेता ने महंगाई, डीजल-पेट्रोल की कीमतों और खाद की किल्लत को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंचायत चुनाव में हार के डर से उन्हें टाल रही है।
2027 में सपा सरकार का दावा, सिख सम्मेलन की तैयारी
उन्होंने कहा 6 जून को लखनऊ में प्रस्तावित सिख सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में सिख समाज करीब 50 सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) के साथ मिलकर सपा सरकार बनाएगी।
बरेली दौरे पर जुटे सपा नेता
प्रेसवार्ता के दौरान सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक विजय पाल सिंह, डॉ. अनीस बेग सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
