बरेली: प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार के भतीजे की गर्दन चाइनीज़ मांझे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मंत्री खुद अस्पताल पहुंचे और प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
स्टेडियम जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य सुबह इलेक्ट्रिक स्कूटी से गांधी उद्यान जा रहे थे। इसी दौरान बारादरी थाना क्षेत्र स्थित श्यामतगंज पुल पर अचानक वह प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे की चपेट में आ गए। मांझा इतना धारदार था कि उनकी गर्दन पर गहरा कट लग गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी गई। घायल अवस्था में आदित्य खुद अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया।
अस्पताल पहुंचे गन्ना मंत्री, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

घटना की सूचना मिलते ही गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से अपने भतीजे की हालत की जानकारी ली। चिकित्सकों के अनुसार गर्दन पर गहरा जख्म होने के कारण उनका इलाज लगातार निगरानी में किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों की विशेष टीम को उपचार में लगाया है, ताकि किसी प्रकार की जटिलता न हो।
मंत्री का बड़ा बयान- मेरे परिवार की नहीं, हर आम आदमी की सुरक्षा जरूरी
अस्पताल में मीडिया से बातचीत करते हुए गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार पहले से ही चाइनीज़ मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा चुकी है। उन्होंने कहा, “मैं एसएसपी साहब और डीएम साहब दोनों से बात करूंगा। जहां-जहां भी चाइनीज़ मांझे का इस्तेमाल और बिक्री हो रही है, वहां तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। मेरे घर की घटना है इसलिए यह विशेष नहीं है, लेकिन किसी भी आम आदमी के साथ ऐसा हादसा नहीं होना चाहिए। मंत्री ने आगे कहा कि वह डीएम और एसएसपी को सर्किट हाउस बुलाकर इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
एसएसपी अनुराग आर्य ने दिए सख्त निर्देश
वहीं बारादरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा आखिर कहां से आया। एसएसपी बरेली ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए चाइनीज़ मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
