बरेली : धर्मस्थलों पर मानक से अधिक ध्वनि स्तर में बज रहे लाउडस्पीकरों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के निर्देश पर जिले में तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू हुआ। रविवार को पुलिस ने 28 थाना क्षेत्रों में 1583 लाउडस्पीकरों की जांच की। इनमें से 302 लाउडस्पीकर नियमों के विपरीत पाए गए। पुलिस ने इनमें 206 लाउडस्पीकरों की आवाज कम कराई, जबकि बिना अनुमति लगाए गए 96 लाउडस्पीकरों को तत्काल हटवाकर जब्त कर लिया।
कहां-कितने लाउडस्पीकर हटाए गए?
सबसे अधिक शाही में 14,नवाबगंज में 13,सीबीगंज में 11,भोजीपुरा में 08,प्रेमनगर में 05, कैंट व शीशगढ़ में 04-04,देवरनिया, फतेहगंज पूर्वी, सिरौली व मीरगंज में 03-03,किला, बिथरी चैनपुर, फतेहगंज पश्चिमी, बहेड़ी में 02-02 और भुता, आंवला में 01-01 लाउडस्पीकर जब्त किए गए।
पुलिस की सख्त चेतावनी
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा जहां से लाउडस्पीकर हटाए गए हैं, दोबारा बिना अनुमति लगाए गए तो FIR दर्ज होगी। रात 10 बजे के बाद कोई भी लाउडस्पीकर नहीं बजेगा, धार्मिक स्थल हो या आयोजन स्थल। अभियान की निगरानी सभी सीओ लेवल के अधिकारियों को सौंपी गई है।
क्यों लिया गया एक्शन?
सूत्रों के अनुसार, कई स्थानों से तेज ध्वनि, धार्मिक आयोजनों में मनमर्जी से लाउडस्पीकर लगाने और ध्वनि प्रदूषण को लेकर शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जिसके बाद गृह विभाग ने प्रदेशस्तरीय सख्त कार्रवाई का आदेश दिया।
