सहकारिता मंत्री ने कहा- तेजस्वी नहीं, NDA को मिलेगा बहुमत
बरेली : राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बरेली के कंपनी गार्डन स्थित योग सदन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन की सरकार को बिहार की जनता का भरोसा और समर्थन लगातार मिल रहा है।
SIR अभियान पर बयान
केंद्रीय मंत्री ने एसआईआर (Special Summary Revision) अभियान को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि “मतदाता सूची को शुद्ध बनाने की पहल से लोकतंत्र मजबूत होता है। इस अभियान का स्वागत विपक्ष को भी करना चाहिए, क्योंकि पहले भी देश में SIR किया जाता रहा है।”उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि वे अपने बीएलए (Booth Level Agent) के माध्यम से अभियान को सफल बनाएं, ताकि एक भी योग्य मतदाता सूची से न छूटे और गलत प्रविष्टियाँ हट सकें। वर्मा शुक्रवार शाम मीरगंज में भी इसी विषय पर जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
वंदे मातरम से”ऊर्जा मिलती है, राजनीति न करें”
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि “वंदे मातरम गाना कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं,यह राष्ट्र की आत्मा है। तिरंगा हाथ में लेकर यह गीत गाने पर अद्भुत ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।”उन्होंने कहा कि वंदे मातरम पर तुष्टिकरण की राजनीति करना, स्वतंत्रता संग्राम के नायकों का अपमान है। यह वही गीत है, जिसके जोश से क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी।
