कोहरा आए या न आए, उड़ान रहेगी सुरक्षित, फॉग में भी टाइम पर उड़ान!
बरेली : सर्दियों में बढ़ते कोहरे को देखते हुए बरेली एयरपोर्ट पर उड़ानों के सुरक्षित संचालन को लेकर विशेष तैयारी की गई है। शनिवार को विमानपत्तन निदेशक के नेतृत्व में इंडिगो एयरलाइंस और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के स्टाफ को कोहरे में विमान संचालन से जुड़ी चुनौतियों को लेकर स्पेशल ट्रेनिंग और मॉक ड्रिल कराई गई। इस दौरान बताया गया कि घने कोहरे में विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ के दौरान किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, और ऐसी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्ध यात्रा कैसे सुनिश्चित की जाए।
हर एजेंसी की भूमिका का किया गया अभ्यास
अभ्यास कार्यक्रम में AAI के विद्युत, सिविल, प्रचालन विभाग, इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारी और हवाई अड्डा सुरक्षा यूनिट के स्टाफ शामिल हुए। कोहरे के कारण विमानों के विलंब से आने पर एयरपोर्ट पर उत्पन्न होने वाली असुविधाओं से निपटने, यात्रियों के प्रबंधन और समन्वय को लेकर सभी एजेंसियों ने अपने-अपने दायित्वों के अनुसार अभ्यास किया। इसके बाद विमानपत्तन निदेशक ने सभी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की और कोहरे के मौसम में संचालन को और बेहतर बनाने के लिए सुधारात्मक उपायों को अपनाने पर जोर दिया।
कोहरे के बावजूद उड़ानें लगभग समय पर
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, कोहरा शुरू हो चुका है, इसके बावजूद बरेली एयरपोर्ट से उड़ानें लगभग तय समय पर संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है।
बेंगलुरू-बरेली फ्लाइट समय से पहले पहुंची
काफी समय से प्रभावित चल रही इंडिगो की बेंगलुरू-बरेली-बेंगलुरू फ्लाइट में भी सुधार देखने को मिला। बेंगलुरू से आने वाली फ्लाइट का निर्धारित समय दोपहर 2:20 बजे था, लेकिन विमान 1:55 बजे ही बरेली पहुंच गया। वहीं वापसी में फ्लाइट ने निर्धारित समय 2:55 बजे के बजाय 3:04 बजे उड़ान भरी। बेंगलुरू से बरेली आने वाले यात्रियों की संख्या 144, जबकि बरेली से बेंगलुरू जाने वाले यात्रियों की संख्या 187 रही।
यात्रियों को मिलेगी राहत
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि इस तरह की ट्रेनिंग और अभ्यास से कोहरे के मौसम में उड़ानों की सुरक्षा, समयबद्धता और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की जा सकेगी।
