बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव में सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव में रहने वाली 75 वर्षीय प्राणी देवी पत्नी स्व. सोहन लाल का खून से लथपथ शव उनके घर के कमरे में पड़ा मिला। महिला घर में अकेली रहती थीं। उनके शव के पास कमरे में खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि रोज की तरह भतीजे की पत्नी उन्हें आवाज देने पहुंची थी। गेट खुलते ही कमरे में खून फैला देखकर उसकी चीख निकल गई। चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
सूचना मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ द्वितीय सोनाली मिश्रा, सीबीगंज थाना पुलिस, और फील्ड यूनिट / फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घर को सील कर लिया है और खून के नमूने, फर्श पर मिले निशान, दरवाजों और सामान के फिंगरप्रिंट, पहनावे और शव की स्थिति की बारीकी से जांच की जा रही है।
गांव में दहशत और सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, प्राणी देवी की कोई संतान नहीं थी, वे शांत स्वभाव की थीं और किसी से कोई रंजिश नहीं थी। ऐसी स्थिति में मौत और भी संदिग्ध हो जाती है। एसपी सिटी ने मीडिया को बताया कि “मौत संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हर एंगल से जांच जारी है।”
