बरेली : कर्ज और सूदखोरी के शिकंजे में फंसे एक युवक की मौत ने सुभाषनगर-करगैना इलाके को झकझोर दिया। करगैना गैटिया निवासी विजय का शव सोमवार सुबह मिलक रौधी गांव के पास शिव मंगलम कॉलोनी के एक खंडहर मकान में फंदे से लटका हुआ मिला। परिवार का आरोप है कि लगातार धमकियों और मारपीट से तंग आकर विजय ने खुदकुशी की है; कुछ लोग हत्या की भी आशंका जता रहे हैं। मृतक के परिजनों ने बताया कि रविवार शाम विजय ने घरवालों से कहा था कि वह दिल्ली जा रहा है, लेकिन रात तक लौट कर नहीं आया। मोबाइल स्विच ऑफ मिलने पर परिजन उसकी तलाश के लिए निकले और सोमवार को खंडहर मकान में पहुंचे। यहां विजय का शव फंदे पर देखा। मृतक के भाई विनोद साहू ने बताया कि विजय ने पड़ोस के कुछ सूदखोरों से लगभग 3 लाख रुपये उधार लिए थे। लगातार दबाव और धमकियों के चलते परिवार का कहना है कि या तो विजय ने आत्महत्या की, या फिर किसी ने हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया।।इसलिए वे मामले को संदेह के घेरे में रखकर पुलिस से न्याय की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद तुरंत पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारीयों का कहना है कि मामले के हर पहलू की छानबीन के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। प्रारंभिक जानकारी और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस साक्ष्यों एवं मोबाइल-कॉल लॉग आदि की पड़ताल कर रही है।
दिल्ली में सब्जी बेचकर चलाता था घर
परिवार को सबसे बड़ा सदमा विजय की मौत से लगा है। वह दिल्ली में सब्जी बेचकर घर चलाता था और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। विशेषतः मां प्रेमवती का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। स्थानीय समाज और रिश्तेदारों में मातम का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
