बरेली : शहर में होली के त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल क्लिप में एक युवक एक युवती के साथ दिखाई दे रहा है और उसके हाथ में तमंचा नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और मामले की जांच की मांग की जा रही है।
युवती की कनपटी पर तमंचा रखकर बनाई रील
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक एक युवती की कनपटी पर तमंचा लगाए दिखाई देता है। इस दौरान बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है, जिसमें पुलिस को चुनौती देने जैसे बोल सुनाई दे रहे हैं। वीडियो को रील के रूप में बनाया गया है, जो अब इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है।
सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि इस तरह हथियार दिखाकर रील बनाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे गलत संदेश भी जाता है।
बारादरी क्षेत्र के युवक की बताई जा रही पहचान
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो की पड़ताल शुरू कर दी है।शुरुआती जानकारी में युवक की पहचान बारादरी थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी इलाके के रहने वाले के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है।
पुलिस ने दिए जांच के निर्देश
पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बारादरी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
