टिकैत बोले—राहुल गांधी सही कह रहे हैं, MSP पर नहीं बिक रही फसल, जीएसटी घटने के बाद भी महंगाई कम नहीं हुई
बरेली : यूपी के बरेली में मंगलवार को नेहरू युवा केंद्र में आयोजित किसानों की महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार और उसकी नीतियों पर जमकर निशाना साधा। महापंचायत में हजारों किसान शामिल हुए और सभा स्थल किसानों के नारों से गूंज उठा। टिकैत ने सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी 2013 से शुरू हो गई थी। “हमने पांच साल पहले ही बिहार चुनाव में कहा था। राहुल गांधी सही बोल रहा है, झूठ थोड़े ही बोलेगा…”,किसान नेता ने सरकार पर झूठ बोलने और किसानों को बर्बाद करने की साज़िश का आरोप लगाया।
प्राथमिक शिक्षा और जीएसटी पर सवाल
किसान नेता टिकैत ने कहा कि सरकार प्राइमरी स्कूल बंद करके शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है। वहीं, उन्होंने जीएसटी पर भी सवाल उठाते हुए कहा- “जीएसटी कम हुआ, लेकिन कोई भी चीज सस्ती नहीं मिली।”
MSP और मुआवज़े पर किसानों की आवाज़
किसानों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी फसल अब भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर नहीं बिक रही। धान को जबरन 1600 रूपये प्रति क्विंटल में खरीदा जा रहा है, जबकि वास्तविक लागत इससे कहीं अधिक है।
इसके अलावा, किसानों ने आरोप लगाया कि बरेली विकास प्राधिकरण ने उनकी जमीनें अधिग्रहित कर ली हैं, लेकिन अब तक मुआवज़ा नहीं दिया गया।
“हालात नेपाल जैसे, 2027 में बदल देंगे सरकार”
सभा में किसानों ने चेतावनी दी कि हालात नेपाल जैसे हो चुके हैं। अगर, स्थिति नहीं सुधरी तो 2027 में सरकार बदलने के लिए आंदोलन और तेज़ किया जाएगा। महापंचायत के मद्देनज़र पुलिस और पीएसी बल की भारी तैनाती की गई। प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
