12 सेकेंड के वीडियो में विवादित टिप्पणी का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
बरेली : ईरान-इस्राइल युद्ध को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित भड़काऊ टिप्पणी एक युवक को भारी पड़ गई। शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर विवादित रील पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार धौरेरा माफी निवासी सलीम अंसारी ने इंस्टाग्राम पर करीब 12 सेकेंड की एक रील पोस्ट की थी। जिसमें उसने ईरान-इस्राइल युद्ध को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से पुलिस से शिकायत की।
रील डालते ही बढ़ा विवाद
शिकायत मिलने के बाद इज्जतनगर थाने के उपनिरीक्षक मोहित कुमार की ओर से सलीम अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस के मुताबिक वीडियो में युवक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “यहूदी और मुसलमानों के बीच जंग चल रही है, लेकिन हिंदुस्तान में बैठे लोग क्यों चिल्ला रहे हैं।”पुलिस का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से समुदाय विशेष की भावनाएं भड़क सकती हैं और सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ सकता है।
आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो की भी जांच कर रही, है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
