बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गौकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। इस जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, रात भोजीपुरा थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पचौरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित सरकारी नलकूप के पास दो संदिग्ध व्यक्ति गौवंशीय पशु के वध की तैयारी में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को घेरने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे और गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पर फायरिंग में सिपाही घायल, जवाबी कार्रवाई में बदमाश दबोचा
पुलिस के अनुसार बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में आरक्षी सुमित कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान, हथियार और गौकशी के उपकरण बरामद
घायल बदमाश की पहचान कल्लू उर्फ कलुवा निवासी ग्राम भूड़ा, थाना भोजीपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस 315 बोर तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे छुरी और कुल्हाड़ी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी जफर उर्फ रमन कालिया के साथ मिलकर एक आवारा गौवंशीय पशु का वध करने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें घेर लिया।
14 मुकदमों वाला निकला शातिर अपराधी, अस्पताल में चल रहा इलाज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कल्लू उर्फ कलुवा एक शातिर और अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी और आरक्षी सुमित कुमार दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
