बरेली: यूपी के बरेली देहात के अलीगंज और सिरौली थाना क्षेत्र में दुकानों से नोटों की माला और नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी एक ही बाइक से अलग-अलग क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दे रहे थे।सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दोनों घटनाओं में एक ही बाइक और एक ही आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
दुकानों से नोटों की माला और नकदी लेकर हुए थे फरार
पुलिस के अनुसार 9 जून को सिरौली थाना क्षेत्र में एक दुकान से अज्ञात बदमाश नोटों की माला चोरी कर फरार हो गए थे। इसी दिन अलीगंज क्षेत्र में भी दो व्यक्ति दुकान पर पहुंचे, और काउंटर पर रखी 20 रुपये के नोटों की गड्डी तथा नोटों का हार लेकर भाग निकले। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और दोनों घटनाओं का कनेक्शन एक ही गिरोह से जुड़ा मिला।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, जवाबी कार्रवाई में एक घायल
गुरुवर तड़के अलीगंज-सिरौली मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत सेनफायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
नोटों की मालाएं, तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल जिले के रहने वाले साहिल मलिक और धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, अलीगंज और सिरौली क्षेत्र से चोरी की गई नोटों की मालाएं तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
