फतेहगंज पश्चिमी में सुबह 5:35 बजे हाफ एनकाउंटर, गौकशी के आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली, दरोगा भी जख्मी
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश कामिल उर्फ नक्ता को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस टीम सुबह गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि गौकशी के मामले में वांछित इनामी अपराधी कामिल उर्फ नक्ता बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के पास जंगल क्षेत्र में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।
खुद को घिरता देख बदमाश ने की फायरिंग
पुलिस को देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक पंकज कुमार के बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी कामिल उर्फ नक्ता के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मौके से क्या-क्या बरामद?
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध तमंचा (315 बोर), एक खोखा कारतूस (नाल में फंसा हुआ) दो जिंदा कारतूस, गौकशी से संबंधित उपकरण बरामद किया है। पुलिस ने घायल बदमाश, और जख्मी उपनिरीक्षक को तुरंत अस्पताल भेजा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।
15 मुकदमों का आरोपी, 25 हजार का इनामी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कामिल उर्फ नक्ता पर गौकशी, गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी मूल रूप से पीलीभीत जिले के बीसलपुर क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।
