बरेली: यूपी के बरेली शहर में चल रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत सोमवार को बरेली पुलिस ने नकली उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश पर थाना बारादरी पुलिस ने नकली हार्पिक क्लीनर की भारी खेप जमीन में दबाकर नष्ट की। इसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर 1078 बोतलों को मिट्टी में दबाकर नष्ट कर दिया।

थाना परिसर में दबाई गईं 1078 नकली बोतलें
बारादरी थाना परिसर में पुलिस ने दो बड़े कट्टों, 10 पेटियों और 13 प्लास्टिक बैग में रखी नकली हार्पिक की बोतलों को गड्ढे में डालकर मिट्टी में दबा दिया। यह नकली माल साल 2023 में बरामद किया गया था, जब पुलिस ने स्थानीय बाजार में छापेमारी कर इस फर्जी सफाई उत्पाद को कब्जे में लिया था। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था, और अदालत से निस्तारण की अनुमति मिलने के बाद सोमवार को कार्रवाई पूरी की गई।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में निस्तारण
पूरे निस्तारण अभियान की निगरानी सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने की।
इस दौरान थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय, हेड मोहर्रिर रवि सिंह, और हेड कांस्टेबल संदीप राठी भी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई “ऑपरेशन क्लीन” के तहत की गई है, जो शहर में नकली, अवैध और खतरनाक उत्पादों के खिलाफ लगातार चलाया जा रहा अभियान है।
लोगों से की गई सतर्क रहने की अपील
थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया “नकली और अवैध उत्पाद लोगों की सेहत के लिए खतरनाक हैं। ऑपरेशन क्लीन के तहत हम लगातार ऐसे उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। आने वाले दिनों में और भी जब्त माल का निस्तारण किया जाएगा।” उन्होंने जनता से अपील की कि “अगर किसी को नकली सामान की बिक्री या भंडारण की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।”
