डायबिटीज और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद अकीक संभालेंगे जिम्मेदारी, जरूरतमंद मरीजों के लिए फ्री ओपीडी और मुफ्त जांच की भी तैयारी
बरेली : पुराने शहर के लोगों के लिए गुरुवार का दिन राहत भरी खबर लेकर आया। लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को अब अपने इलाके में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं मिल सकेंगी। सैलानी रोड स्थित हरी मस्जिद के सामने और मुन्ना खां के नीम के पास मदीना हेल्थ क्लीनिक का भव्य उद्घाटन किया गया। खास बात यह है कि इस क्लीनिक को केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित न रखते हुए गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से भी शुरू किया गया है।
सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, और प्रमुख लोगों ने किया उद्घघाटन

मदीना क्लीनिक के उद्घघाटन समारोह में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव,महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खां, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, नगर निगम पार्षद सादिक अली, जहीरूद्दीन मुन्ना सहित कई पार्षद, पूर्व पार्षद और सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
क्लीनिक का संचालन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहम्मद अकीक करेंगे, जो एमबीबीएस एवं एमडी मेडिसिन हैं। उन्हें डायबिटीज, हृदय रोग और सामान्य चिकित्सा के क्षेत्र में अनुभवी चिकित्सक माना जाता है। उद्घाटन समारोह में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव का लाभ क्षेत्र के हजारों लोगों को मिलेगा।
गरीबों को राहत देने का प्रयास

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि पुराने शहर में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि डॉ. अकीक की पहल से गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही कम खर्च में उपचार मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी राहत मिलेगी।
मुफ्त जांच और पर्ची शुल्क में छूट
इंजीनियर अनीस अहमद खां ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार रहते हैं, जो महंगे इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।उन्होंने बताया कि क्लीनिक प्रबंधन से हुई बातचीत के दौरान गरीब मरीजों को विशेष रियायतें देने पर सहमति बनी है। कई आवश्यक मेडिकल जांचें निःशुल्क कराई जाएंगी और जरूरतमंद मरीजों से पर्ची शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्वास्थ्य केंद्र नहीं, बल्कि समाज सेवा की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
इलाज के साथ भरोसा देने का संकल्प
पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद ने कहा कि जिस क्षेत्र को विशेषज्ञ चिकित्सक की सबसे अधिक आवश्यकता थी, वहीं यह क्लीनिक शुरू किया गया है। इससे मरीजों को दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध होगा।
फ्री ओपीडी की घोषणा
डॉ. मोहम्मद अकीक ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल मरीजों का इलाज करना नहीं, बल्कि उन्हें भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में सप्ताह या महीने का एक दिन ऐसा निर्धारित किया जाएगा, जब क्लीनिक में आने वाले मरीजों की ओपीडी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक सामाजिक जिम्मेदारी है और उनकी कोशिश रहेगी कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे। उनकी इस घोषणा का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
क्षेत्रवासियों में खुशी
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने शहर में लंबे समय से एक ऐसे चिकित्सा केंद्र की आवश्यकता थी जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हों और गरीबों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इलाज किया जाए। ऐसे में मदीना हेल्थ क्लीनिक का शुभारंभ पूरे क्षेत्र के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। फिलहाल, मदीना हेल्थ क्लीनिक के उद्घाटन के साथ पुराने शहर के लोगों को एक नई स्वास्थ्य सुविधा मिल गई है। लोगों को उम्मीद है कि यहां बेहतर इलाज, सही परामर्श और जरूरतमंदों के लिए रियायती सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
