जेवर एयरपोर्ट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, कारोबारियों और यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
बरेली : यूपी के बरेली से नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए हवाई सेवा 1 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने फ्लाइट का शेड्यूल जारी कर दिया है। सप्ताह में चार दिन संचालित होने वाली यह फ्लाइट नोएडा से उड़ान भरकर सुबह 11:20 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगी और यहां से दोपहर 1 बजे वापस रवाना होगी। जानकारी के मुताबिक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इंडिगो की 78 सीटर एटीआर-72 विमान सेवा संचालित होगी। जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से ही बरेली एयरपोर्ट प्रशासन नोएडा और दिल्ली के लिए उड़ान शुरू कराने की तैयारी में जुटा था। इंडिगो एयरलाइंस ने सर्वे कर प्रस्ताव डीजीसीए को भेजा था, जिसके बाद नोएडा रूट पर उड़ान संचालन की अनुमति मिली।
कारोबारियों और यात्रियों को होगा फायदा
बरेली समेत आसपास के व्यापारियों और कारोबारियों की लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर के लिए सीधी फ्लाइट की मांग थी। एयरलाइंस प्रतिनिधियों का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट से मेट्रो और टैक्सी के जरिए नई दिल्ली पहुंचना बेहद आसान होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों और यात्रियों की आवाजाही को बड़ा फायदा मिलेगा। सर्वे में इस रूट पर 70 फीसदी से अधिक एयर ट्रैफिक की संभावना जताई गई है।
पहले बंद हो चुकी हैं दिल्ली और जयपुर की उड़ानें
गौरतलब है कि इससे पहले बरेली से दिल्ली और जयपुर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हुई थीं, लेकिन बाद में उन्हें बंद कर दिया गया।बताया जाता है कि एलायंस एयर की सेवाओं में लेटलतीफी और यात्रियों की कम संख्या के चलते दिल्ली फ्लाइट बंद करनी पड़ी थी। वहीं दिल्ली रूट बंद होने से करीब पांच माह पहले जयपुर की उड़ान भी बंद हो गई थी।
