जरूरतमंद बेटियों के हाथ होंगे पीले, सादगी, खिदमत और इंसानी हमदर्दी का पैगाम देगा रूहानी इज्तिमा
बरेली : शहर में सामाजिक खिदमत और इंसानी हमदर्दी की एक खूबसूरत मिसाल पेश करते हुए मिशन-ए-अहले बैत और खानकाह ए आलिया चिश्तिया साबिरिया की ओर से 12 मई को इज्तेमाई निकाह का आयोजन किया जाएगा। यह रूहानी और समाजी कार्यक्रम पुराना शहर स्थित ए.पी. लॉन, जगतपुर पानी की टंकी के पास आयोजित होगा, जहां कई जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का निकाह सादगी और शरीयत के मुताबिक कराया जाएगा। आयोजन समिति के मुताबिक कार्यक्रम की सरपरस्ती खलीफा हाफिज मोहम्मद तस्लीम साबरी और
जरूरतमंद बेटियों के हाथ होंगे पीले
खलीफा-ए-शाह अली मंज़र ऐजाज़ कुद्दुसी साबरी करेंगे। वहीं पिरान कलियर शरीफ से आने वाले सज्जादानशीन हजरत की मौजूदगी इस इज्तिमा को खास रूहानी फिजा प्रदान करेगी। खलीफा हाफिज मोहम्मद तस्लीम साबरी ने बताया कि निकाह में शामिल होने वाले सभी जोड़ों को गृहस्थी का जरूरी सामान भी तोहफे में दिया जाएगा, ताकि उनकी नई जिंदगी आसानी और सम्मान के साथ शुरू हो सके। आयोजकों का कहना है कि इज्तेमाई निकाह समाज में बढ़ती फिजूलखर्ची के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश देते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं।
उलमा ए इकराम होंगे शामिल
कार्यक्रम में उलेमा-ए-किराम, समाजसेवी हस्तियां और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। आयोजकों ने लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों के लिए दुआ करने की अपील भी की है।
