बरेली : शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। हनुमानगढ़ी में रहने वाली 24 वर्षीय नवविवाहिता ज्योति शर्मा का शव उसके ही घर के पीछे बने तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचीं। उन्होंने जांच शुरू कर दी, और मृतका के पति लव कुमार शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

ऐसे खुला मौत का रहस्य?
सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसियों ने तालाब में किसी के गिरे होने की जानकारी दी। परिजन दौड़कर पहुंचे तो पता चला कि वह ज्योति है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में मायके पक्ष को सूचना मिली और वे सुभाषनगर थाने पहुँच गए।
शादी को हुआ था महज एक महीना
गढ़ैया (किला क्षेत्र) के निवासी राजेश कुमार, जो मृतका के पिता हैं, ने बताया कि उनकी बेटी 1 नवंबर को विवाह बंधन में बंधी थी। अभी गृहस्थी ठीक से बसी भी नहीं थी कि यह बड़ी घटना हो गई। राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार शाम ज्योति को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। शनिवार सुबह दोबारा कॉल किया तो ससुराल वालों ने “तबीयत खराब” बताकर बात टाल दी। कुछ देर बाद मौत की सूचना दे दी गई।
यह आत्महत्या नहीं, हत्या-मायके पक्ष का आरोप
ज्योति के पिता का कहना है कि “हमने शादी में हर संभव सामान दिया था। अधिकांश सामान अभी खोला भी नहीं गया था।”“मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। यह हत्या है… और दहेज हत्या के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।”परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ज्योति पर मानसिक दबाव और प्रताड़ना बढ़ रही थी।
यह हुई थी कार्रवाई
शहर के सुभाषनगर थाना प्रभारी ने बताया कि पति लव कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मायके पक्ष की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
