हरा चारा, पानी और शेड की कमी मिली, अधिकारियों को तत्काल सुधार का आदेश
बरेली : यूपी के बरेली जनपद के विकास खंड भुता की ग्राम पंचायत हरेली अलीपुर स्थित गौशाला में व्यवस्थाओं में अनियमितताओं की सूचना पर यूपी के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौवंश के लिए हरा चारा, भूसा, पानी, प्रकाश और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएँ संतोषजनक नहीं मिलीं। जिसके चलते निरीक्षण के दौरान ही कैबिनेट मंत्री ने डीएम से फोन पर वार्ता कर गायों की देखभाल से संबंधित कमियों पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद तत्काल सुधार और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
यह मिली कमियां

गौवंश के लिए हरा चारा नियमित रूप से उपलब्ध नहीं है। टीन शेड की स्थिति कमजोर, धूप, बरसात और ठंड से उचित सुरक्षा नहीं, चिकित्सा व औषधि सुविधाएँ सीमित, प्रकाश व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि “गौवंश की देखभाल और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
गोशाला को स्वावलंबी बनाने पर जोर

गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के कहा गया। बोले – महिला स्वयं सहायता समूहों को गौशाला संचालन से जोड़ा जाए। गोबर से कंडे, कम्पोस्ट खाद और अन्य गौ-उत्पाद तैयार कर बिक्री की जाए। गौशाला में निरंतर पौष्टिक चारा और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सरकार का उद्देश्य सिर्फ गोवंश संरक्षण ही नहीं, बल्कि गौ आधारित उत्पादों से स्थानीय क्षेत्र में रोजगार और आय के अवसर बढ़ाना है।
