बरेली : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बरेली नगर निगम ने गुरुवार को सख्त अभियान चलाया।।अवैध कब्ज़ों के खिलाफ इस अभियान के तहत गुरुवार मार्केट और स्टेशन रोड पर कार्रवाई करते हुए कई दुकानों के आगे फैले अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने फुटपाथ और सड़कों पर फैले सामान, टीनशेड, और अस्थायी ढांचों को हटवाया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। इससे पहले पुराना शहर के सैलानी और किला के कटघर में अतिक्रमण हटाया जा चुका है।
अवैध कब्ज़े हटे, 40,000 का जुर्माना वसूला
अभियान के दौरान नगर निगम ने अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना भी लगाया। कुल 40,000 का अतिक्रमण शुल्क मौके पर ही वसूला गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई शहर को साफ-सुथरा और यातायात के लिए सुगम बनाने की दिशा में एक सतत प्रयास है।
अधिकारी बोले- “सड़कें जनता की हैं, कब्ज़े की नहीं”
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। “सड़कें जनता के लिए हैं, कब्ज़े के लिए नहीं। जो भी व्यक्ति या व्यापारी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है,” एक अधिकारी ने कहा।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
नगर निगम की ओर से बताया गया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों,जैसे सिविल लाइंस, किला रोड और प्रेमनगर में भी कार्रवाई की जाएगी। जनता से अपील की गई है कि वे सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्ज़ा न करें।
