बरेली : यूपी के बरेली में 26 सितंबर के बवाल के बाद प्रशासन और बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की कार्रवाई जारी है। गुरुवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के शांतिनगर इलाके में मुमताज़ अहमद के स्वामित्व वाले एस.बी. गार्डन बरातघर और मोहम्मद तसलीम के जिम को अवैध निर्माण बताकर सील कर दिया गया। बीडीए की प्रवर्तन टीम में अवर अभियंता अजीत साहनी, सीताराम, सुरेंद्र द्विवेदी और सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, गजेन्द्र शर्मा शामिल थे। उन्होंने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। एस.बी. गार्डन बरातघर करीब 800 वर्ग मीटर क्षेत्र में बना हुआ था और वहां विवाह समारोहों का आयोजन किया जा रहा था। वहीं तसलीम का जिम लगभग 200 वर्ग मीटर में संचालित था।
बीडीए से पास नहीं नक्शे
दोनों ही निर्माणों के पास बीडीए से स्वीकृत नक्शा नहीं था। इस आधार पर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। बीडीए उपाध्यक्ष बोले- “अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई जारी” रहेगी। उन्होंने कहा कि “अवैध निर्माणों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जिन संपत्तियों का नक्शा स्वीकृत नहीं है, उन्हें पहले नोटिस दिया जा रहा है और उसके बाद सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।”उन्होंने बताया कि शहर में करीब 100 संपत्तियों की जांच जारी है। इनमें कई बरातघर, जिम और व्यावसायिक भवन शामिल हैं।
‘ऑपरेशन तौकीर’ के विस्तार की चर्चा
इससे पहले बीडीए ने मौलाना तौकीर रज़ा के करीबी डॉ. नफीस के बरातघर पर बुलडोजर चलाया था। इसके बाद आरिफ के शादी हाल और होटल, नदीम खां की चार दुकान, पूर्व जिलाध्यक्ष फरहत खां का मकान, शराफत का शादी हाल सील किया था। मगर, अब मुमताज़ और तसलीम की संपत्तियों पर कार्रवाई के बाद प्रशासन का यह संदेश स्पष्ट है कि बरेली में बिना स्वीकृति के निर्माण अब नहीं चलेंगे। इसके अलावा चार अन्य बरातघर और फरहत के मकान पर भी सीलिंग और ध्वस्तीकरण की तैयारी चल रही है। बीडीए ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अवैध निर्माणों की पूरी कुंडली तैयार कर ली है, ताकि एक-एक कर कार्रवाई की जा सके।
सार्वजनिक अपील, बिना स्वीकृत नक्शे निर्माण न करें
बीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि “किसी भी भूखंड या भवन को खरीदने से पहले उसकी मानचित्र स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण या क्रय करना अवैध है, और ऐसी स्थिति में प्राधिकरण द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।”
