घरेलू विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, बेटे-बहू पर प्रताड़ना के आरोप
बरेली : शहर के के किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर इलाके में घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। बेटे और ल बहू की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई।आनन-फानन में परिजन उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
“मकान कब्जाने को लेकर होता था विवाद”
जिला अस्पताल पहुंचे अनुपम रस्तोगी के पति राजीव रस्तोगी ने आरोप लगाया कि उनका छोटा बेटा और बहू मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि कई बार दोनों ने मारपीट भी की, जिसकी शिकायत किला थाने में दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बहू पर पिटाई का आरोप, वीडियो वायरल
बुधवार को एक बार फिर घर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान बहू ने अनुपम रस्तोगी की पिटाई कर दी। इससे आहत होकर महिला ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच बहू द्वारा कथित पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पति राजीव रस्तोगी की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। किला थाना पुलिस आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
