बरेली : शाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 75 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 26 मई की रात शाही थाना पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ग्राम बढेपुरा की पुलिया के पास अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान, स्मैक और मोबाइल बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान फरदीन निवासी मोहल्ला हसनपुर, थाना शाही के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 75 ग्राम स्मैक और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को यह बताया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी करता है और नशा करने का आदी है। उसने बताया कि मजदूरी से घर और नशे का खर्च पूरा नहीं हो पाता था, इसलिए वह स्मैक खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने यह स्मैक एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
