बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के हरेली अलीपुर गांव में आपसी विवाद के दौरान दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मारपीट और हंगामे के बीच तीन माह का मासूम अपनी दादी की गोद से नीचे गिर गया।जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में तनाव और परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर के बाहर शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते मारपीट में बदला
जानकारी के अनुसार हरेली अलीपुर गांव निवासी रामकिशन के घर के बाहर वीरपाल नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वीरपाल के साथ राजेश सक्सेना, अर्जुन, अंकुश और विनीत भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे के बीच दादी की गोद से गिरा मासूम
मारपीट के दौरान रामकिशन की मां अपने तीन माह के पौत्र को गोद में लेकर बाहर आईं। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान मौके से भाग रहे वीरपाल का धक्का लगने से उनकी गोद से मासूम नीचे जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही।
इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
गंभीर रूप से घायल मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन माह के बच्चे की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया। गांव में भी घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
मुख्य आरोपी हिरासत में, अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी
इस घटना की सूचना मिलते ही फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस ने मुख्य आरोपी वीरपाल को हिरासत में ले लिया है। वीरपाल समेत अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर राजकुमार ने मीडिया को बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
