खूंखार गैंग का मैसेज- “हम जहाँ चाहें हमला कर सकते हैं” दिशा पाटनी के घर पर दो दिन की फायरिंग
बरेली : शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में शनिवार और शुक्रवार को लगातार दो दिनों तक हुई गोलियों की बरसात ने पूरे इलाके में खौफ और सनसनी फैला दी। बॉलीवुड स्टार दिशा पाटनी के घर पर हुई इस वारदात को पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से देख रही हैं। बताया जा रहा है कि यह बरेली में पहली बार किसी इंटरनेशनल गैंग द्वारा किया गया हमला है। मामले में सीधे तौर पर कनाडा में बैठे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का हाथ माना जा रहा है, जो पहले सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शामिल रहा है।
जानें क्या हुआ?दो दिन तक दहशत का खेल
पहला हमला गुरुवार तड़के 4:15 बजे हुआ। दो बाइक सवार शूटरों ने दिशा पाटनी के घर के बाहर गोलियां चलाईं। दूसरा हमला शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। अपाचे बाइक पर आए दो शूटरों ने विदेशी ऑटोमेटिक पिस्टल से 9 राउंड फायरिंग की। गोलियां घर की दीवारों और खिड़कियों में धंसीं। एक गोली दिशा के पिता रिटायर्ड डीएसपी जगदीश पाटनी के बेडरूम की खिड़की तोड़ती हुई अलमारी में जा लगी। घटना के बाद परिवार ने खुद को घर में कैद कर लिया। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।
सोशल मीडिया पर गैंग का मैसेज – हम जहाँ चाहें हमला कर सकते हैं
हमले के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर गैंग से जुड़े अपराधी रोहित गोदारा ने पोस्ट डालकर जिम्मेदारी ली। उसमें लिखा गया। “संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं। जो भी धर्मगुरुओं का अनादर करेगा, उसके खिलाफ खौफनाक कदम उठाए जाएंगे। हम जहाँ चाहें हमला कर सकते हैं।”पोस्ट में यह भी कहा गया कि दिशा की बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी द्वारा संत प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्ध आचार्य पर की गई कथित टिप्पणी का बदला लिया गया है। हालांकि, पोस्ट बाद में हटा दी गई लेकिन उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद शूटर
जांच में सामने आया कि शूटरों ने पहले से रूट तय कर वारदात को अंजाम दिया। हेलमेट पहने बाइक सवार दोनों अपराधी कैमरों में कैद हुए।।पीछे बैठा शूटर लगातार गोलियां चलाता दिखाई दिया। हमले के बाद दोनों झुमका चौराहे से बड़ा बाईपास की ओर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि लगातार 3-3 गोलियां चलाना केवल ऑटोमेटिक विदेशी पिस्टल से ही संभव है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
एसएसपी अनुराग आर्य ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एसपी सिटी मानुष पारीक और एसपी क्राइम मनीष चंद्र सोनकर के नेतृत्व में पांच जांच टीमों का गठन किया गया। एसटीएफ और इंटेलिजेंस एजेंसियां भी इस घटना की जांच कर रही हैं क्योंकि वारदात के तार सीधे कनाडा में बैठे गैंगस्टर तक जा रहे हैं। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और पुलिस द्वारा पैनी निगरानी रखी जा रही है।
गोल्डी बराड़ गैंग, एक नजर में
यह कनाडा में सक्रिय कुख्यात गैंग है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ है। सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस का मास्टरमाइंड, और भारत में रंगदारी, शूटआउट और हाई प्रोफाइल हत्याओं में शामिल रहता है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जिम्मेदारी लेना इनकी पहचान है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में शूटर नेटवर्क सक्रिय
पाटनी परिवार कौन हैं?
जगदीश पाटनी बरेली के रिटायर्ड डीएसपी, पुलिस सेवा में रहे हैं। उनकी बेटी खुशबू पाटनी पूर्व मेजर, सेना में सेवाएँ दीं, दिशा पाटनी बॉलीवुड स्टार, ग्लोबल ब्रांड्स से जुड़ी, अंतरराष्ट्रीय पहचान है।
यह हमला सिर्फ एक फिल्मी स्टार पर हमला नहीं
पुलिस का मानना है कि यह हमला सिर्फ किसी एक सेलिब्रिटी को निशाना बनाने का मामला नहीं है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क का स्पष्ट संदेश है – “हम जहाँ चाहें हमला कर सकते हैं।” सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह चुनौती गंभीर साबित हो सकती है।
