पिता बोले – मेरी बेटी ने नहीं किया प्रेमानंद महाराज का अपमान
बरेली : बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद नया मोड़ सामने आया है। यह विवाद कथावाचक अनिरुद्धाचार्य द्वारा महिलाओं पर दिए बयान को लेकर शुरू हुआ था, जो अब प्रेमानंद महाराज से जुड़कर सनसनी बन गया। दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने सफाई दी है कि उनकी टिप्पणी केवल अनिरुद्धाचार्य के बयान को लेकर थी, न कि प्रेमानंद महाराज के खिलाफ। सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। जिससे गलतफहमी फैली और कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर गोली चला दी।
पिता का बयान – प्रेमानंद जी हमारे पूज्यनीय हैं
देखें वीडियो
फायरिंग की घटना के बाद दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी ने कहा “मेरी बेटी ने किसी का अपमान नहीं किया। सबको अपनी बात कहने का अधिकार है। अनिरुद्धाचार्य जी ने महिलाओं पर बयान दिया था। उसी पर प्रतिक्रिया दी गई। प्रेमानंद जी तो हमारे पूज्यनीय हैं। अगर, मौका मिलेगा तो मैं उनका आशीर्वाद लेना चाहूँगा।”उन्होंने यह भी बताया कि हमला करीब 3:30 बजे हुआ। दो बाइक सवार शूटर आए, एक हेलमेट पहने था, दूसरे के हाथ में माउज़र था। हमारे पास कई कुत्ते हैं, जो अनजान व्यक्ति को देखकर भौंकने लगे थे। इसके बाद बदमाश फायरिंग कर भाग निकले।
खुशबू पाटनी ने भी दी सफाई
सेना की पूर्व अफसर खुशबू पाटनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा “मेरा बयान केवल अनिरुद्धाचार्य जी के बयान पर था। इसे तोड़-मरोड़ कर प्रेमानंद जी से जोड़ दिया गया। प्रेमानंद जी हमारे पूज्यनीय हैं, हम हिंदू धर्म में ऐसा सोच भी नहीं सकते। मैंने कई बार कहा है कि अगर मौका मिला तो उनके आशीर्वाद लेने जाऊंगी।”उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे विवाद और बढ़ गया। पुलिस इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और धमकी की जांच कर रही है।
फायरिंग की घटना, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और धमकियों को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अभी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुँची है और सभी पहलुओं की जाँच की जा रही है।
