बरेली : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार से बरेली समेत पूरे क्षेत्र में नई दरें लागू हो गई हैं।घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर में करीब 115 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू गैस की बुकिंग को लेकर नियमों में भी बदलाव किया है। जिसका असर सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
अब 931 रुपये में मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर

नई दरों के लागू होने के बाद बरेली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 931 रुपये में मिलेगा। वहीं 19 किलोग्राम का कमर्शियल सिलेंडर करीब 115 रुपये महंगा हो गया है। कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर होटल,रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी पड़ेगा।
बरेली के करीब 10 लाख उपभोक्ताओं पर असर
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि बरेली जिले में करीब 10 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 4.16 लाख उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन का लाभ ले रहे हैं। गैस की कीमत बढ़ने से इन सभी उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर असर पड़ने की संभावना है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि जिले में फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है।
अब दूसरी गैस बुकिंग के लिए करना होगा इंतजार
एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श शर्मा के अनुसार पेट्रोलियम कंपनियों ने एहतियात के तौर पर गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। अब घरेलू गैस सिलेंडर की दूसरी बुकिंग पहली बुकिंग के 21 दिन बाद ही की जा सकेगी। यानी उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरा सिलेंडर बुक कराने के लिए कम से कम तीन सप्ताह का इंतजार करना होगा।
आयोजनों में हो सकती है परेशानी
नए नियम के कारण उन परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, जिनके घर में शादी, पार्टी या अन्य बड़े कार्यक्रम आयोजित होने वाले हैं। ऐसे आयोजनों में गैस की ज्यादा खपत होती है। हालांकि, व्यावसायिक यानी कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग पर कोई समय सीमा लागू नहीं की गई है। समारोह या बड़े कार्यक्रमों के लिए कमर्शियल सिलेंडर आसानी से बुक किए जा सकते हैं।
कंपनियों ने कहा-घबराने की जरूरत नहीं
इंडेन पेट्रोलियम कंपनी की ओर से जारी सूचना में उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि गैस सप्लाई को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी की उपलब्धता बनी हुई है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
