सपा में नेताओं की एंट्री से बढ़ी सियासी गर्मी, पूर्वांचल की राजनीति में हलचल, एसपी चीफ ने महंगाई, कानून-व्यवस्था और विकास पर सरकार को घेरा
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर अपनी रणनीति तेज कर दी है।शनिवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व डीआईजी राम शरद राम और पूर्वांचल के प्रभावशाली नेता रोहित कुमार पांडे ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी साथियों का वह दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
पूर्वांचल की राजनीति में सपा को मजबूती
रोहित कुमार पांडे पूर्वांचल की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम माने जाते हैं और वह पहले भी लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उनके समाजवादी पार्टी में आने से पूर्वांचल में सपा को संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने रोहित पांडे के साथ-साथ पूर्व डीआईजी राम शरद राम,अंकित सिंह और डीएनएनएस यादव का भी स्वागत किया और कहा कि समाजवादी परिवार में सबका स्वागत है।
महंगाई को लेकर सरकार पर हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने महंगाई और टैक्स के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार एक तरफ जनता से भारी टैक्स वसूल रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है। उन्होंने एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि आज ही एलपीजी सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बहाने बनाती है, लेकिन एक बार चीजें महंगी हो जाने के बाद उन्हें कम नहीं किया जाता। इसी दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा,“जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई।”
कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून -व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिसकर्मियों की अपराधियों से मिलीभगत सामने आ रही है।अखिलेश यादव ने दावा किया कि कानपुर की एक घटना में पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल से अपराधियों से संपर्क का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, जो चिंताजनक है।
भाजपा सरकार पर राजनीतिक तंज
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के दौरान किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि एक्सप्रेस-वे, लैपटॉप वितरण, रिवर फ्रंट और कई थर्मल पावर प्लांट समाजवादी सरकार के समय शुरू किए गए थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा यह बताए कि उसने एक भी नया थर्मल प्लांट लगाया हो। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि “ये पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो अपनी विदाई से पहले ही घूमने निकल गए।”
विदेश नीति और खाड़ी देशों का मुद्दा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विदेश नीति और खाड़ी देशों में काम करने वाले भारतीयों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जो लोग खाड़ी देशों से वापस भारत आना चाहते हैं, उन्हें सरकार को जिम्मेदारी के साथ वापस लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति भारत के लोग तय करेंगे, न कि विदेश के लोग।
यूपी में अब PDA की सरकार
कार्यक्रम के दौरान सपा अध्यक्ष ने आगामी चुनावों को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए काम किया जाएगा।
राज्यसभा बड़ा या मुख्यमंत्री?
उन्होंने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “राज्यसभा बड़ा है या मुख्यमंत्री?”अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले मायावती को प्रधानमंत्री बनाने की इच्छा जताई थी। वहीं जब INDIA गठबंधन बना, तब सभी दल नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं को राज्यसभा भेजकर रिटायर करने की राजनीति कर रही है। अखिलेश यादव के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
शिवपाल यादव का BJP पर हमला: ‘भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सड़कों के गड्ढे भरने के नाम पर भारी बजट खर्च दिखाया गया, लेकिन जमीन पर हालात जस के तस हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस काम के नाम पर बजट का बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की सबसे भ्रष्ट सरकार बन चुकी है और अब जनता को मिलकर इसे हटाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
