बरेली : यूपी के बरेली में तीन अलग -अलग हादसों में तीन लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इन घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। बरेली देहात के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के रिठौरा कश्मीर निवासी 23 वर्षीय अजय की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि वह बरेली से फोटोग्राफी का काम कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी इंदिरा नगर मस्जिद के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अजय की पत्नी पूजा सात महीने की गर्भवती हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक छोटे बेटे और मां को छोड़ गया है।
ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड की ट्रक से कुचलकर मौत
शहर के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में 59 वर्षीय होमगार्ड रमेश गिरी की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। वह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी कर्मचारी नगर चौकी के पास हादसा हुआ।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि रमेश गिरी चार महीने बाद रिटायर होने वाले थे। उनके निधन से पत्नी और तीन बच्चों का सहारा छिन गया।
हाईटेंशन तार गिरने से बस कंडक्टर की मौत
पीलीभीत के माधोटांडा निवासी 38 वर्षीय गया प्रसाद उर्फ विजय, जो बस में कंडक्टर थे, हाईटेंशन तार की चपेट में आकर झुलस गए। घटना एक दिन पहले बहेड़ी कस्बे में हुई थी, जहां अचानक बस पर तार गिर गया और पानी में करंट फैल गया।गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
