बरेली : यूपी के बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल जुड़े मामलों में इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल (IMC) के यूथ लीडर को आंशिक राहत मिली है। हाईकोर्ट ने आईएमसी यूथ विंग के जिलाध्यक्ष अल्तमश की गिरफ्तारी पर चार्जशीट दाखिल होने तक रोक लगा दी है। हालांकि, अल्तमश का नाम अन्य थानों में दर्ज अलग-अलग मुकदमों में भी आने से उसकी गिरफ्तारी की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। वहीं, इसी केस में आरोपी मौलाना तौकीर रजा की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी गई है।
15 हजार के इनामी अल्तमश को हाईकोर्ट से राहत
26 सितंबर को बरेली में हुए बवाल के बाद प्रेमनगर थाने में दर्ज मुकदमे में अल्तमश समेत 24 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले में अब हाईकोर्ट ने जांच के दौरान उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
एडवोकेट शांतनु मिश्रा ने मीडिया को बताया कि “मुकदमे में ऐसी धाराएं लगी हैं, जिनमें अधिकतम सजा सात साल से कम है, इसलिए कोर्ट ने गिरफ्तारी पर स्टे दिया है।”हालांकि, कोतवाली, कैंट और बारादरी थानों में दर्ज अन्य मामलों में अल्तमश का नाम खुलने से पुलिस को आगे की कार्रवाई का विकल्प अभी भी खुला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अल्तमश पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह दंगा, पथराव और एसिड अटैक जैसे गंभीर आरोपों में नामजद है।
मौलाना तौकीर रजा की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी
बरेली बवाल में मुख्य आरोपी बनाए गए मौलाना तौकीर रजा की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए और बढ़ा दी गई है। मंगलवार को फतेहगढ़ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में उनकी पेशी कराई गई। इसके बाद अदालत ने अगली पेशी की तारीख 26 नवंबर तय की है। अब तक बवाल से जुड़े पांच थानों में दस मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें मौलाना सात मामलों में आरोपी बनाए गए हैं।
जमानत अर्जी खारिज, अब हाईकोर्ट का रुख करेंगे वकील
मौलाना के वकीलों ने 7 नवंबर को जमानत अर्जी दाखिल की थी, जिसे अपर सत्र न्यायाधीश ने खारिज कर दिया। अब उनकी कानूनी टीम हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल करने की तैयारी में है। आईएमसी की ओर से कहा गया है कि वे “शांति और न्याय की प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे, लेकिन निर्दोषों को फंसाया नहीं जाना चाहिए।”
105 आरोपी अब तक जेल भेजे गए
26 सितंबर के बरेली बवाल, पथराव और फायरिंग की घटनाओं में पुलिस अब तक 105 आरोपियों को जेल भेज चुकी है। एसएसपी बरेली ने बताया कि “फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बवाल में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।”
