तीन दिन के अभियान के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई,चेतावनी के बावजूद नहीं माने जिम्मेदार
बरेली : ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरेली पुलिस ने शहर और देहात के आठ धर्मस्थलों पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने के मामले में कड़ी कार्रवाई की है। लगातार चेतावनी और नोटिस के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर 24 लोगों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।।बरेली पुलिस ने मीडिया को बताया कि यह कार्रवाई तीन दिवसीय सघन अभियान के अंतिम दिन की गई। पुलिस टीमों ने शहर के बारादरी, कैंट, प्रेमनगर, कोतवाली, शाही,नवाबगंज, सेंथल, बहेड़ी और मीरगंज थाना क्षेत्रों में गश्त कर धर्मस्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की।
बारादरी में चार मस्जिदों पर कार्रवाई
शहर की बारादरी पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच के दौरान पाया कि चक महमूद स्थित नूरे -ए-नवी मस्जिद पर दो लाउडस्पीकर तेज आवाज में बज रहे थे। बताया जाता है कि पुलिस ने मुतवल्ली अब्दुल नवी खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। फाइक एन्क्लेव स्थित आसिफा जमाल नई मस्जिद में तीन लाउडस्पीकर पाए गए। मुतवल्ली वसीम पर कार्रवाई हुई।
सूफीटोला की ठेकेदार वाली मस्जिद पर तीन लाउडस्पीकर चलने पर मुतवल्ली मुजफ्फर इस्लाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं, कटरा चांद खां की बद्दा खां मस्जिद में दो लाउडस्पीकर तेज आवाज में चलते मिले। मुतवल्ली मोहम्मद इश्हाक पर कार्रवाई की गई।
कैंट और कोतवाली क्षेत्र में भी पुलिस की सख्ती
शहर के कैंट थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित नूरी मस्जिद में पांच लाउडस्पीकर लगे मिले। मुतवल्ली रिहान हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेंबरान की माहिगरान मस्जिद में सुराही की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दे रही थी। बताया जाता है कि मुतवल्ली नोमान रजा पर मुकदमा लिखा गया।
प्रेमनगर में भाजपा से टिकट पाए मुतवल्ली पर भी कार्रवाई
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के शाहबाद स्थित बेले वाली मस्जिद पर लाउडस्पीकर तेज आवाज में बजते मिले। मुतवल्ली जुनैद उर्फ लक्की शाह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। गौरतलब है कि यह बरेली बवाल के एक मामले में नामजद रह चुके हैं। नगर निगम चुनाव में उन्हें भाजपा से पार्षद पद का टिकट मिला था, लेकिन विरोधियों ने आपराधिक रिकॉर्ड की शिकायत कर दी, जिसके बाद पार्टी ने टिकट वापस ले लिया था।
देहात क्षेत्रों में भी पुलिस सक्रिय — कई लाउडस्पीकर जब्त
सेंथल के गौसिया मस्जिद के मुतवल्ली बुंदन खां पर तीन लाउडस्पीकर बजाने का आरोप लगा है। एसआई चंद्रवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने की कार्रवाई की पुष्टि की। शाही थाना क्षेत्र के सब्जीपुर खाता गांव में चार लाउडस्पीकर तेज आवाज में बजाने पर मुतवल्ली मोहम्मद आरिफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तीन लाउडस्पीकर जब्त भी किए। नवाबगंज थाना क्षेत्र में ग्राम रिछोला किफायतुल्ला स्थित दो धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजने की शिकायत पर मौलाना अंसार अहमद और मोहम्मद सलमान पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
बहेड़ी और मीरगंज में भी रिपोर्ट दर्ज
बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र के भोजडांडी गांव में पुलिस गश्त के दौरान एक मस्जिद में बिना अनुमति के लाउडस्पीकर बजते मिले। मुतवल्ली उरमान शाह पर रिपोर्ट दर्ज की गई। तीन लाउडस्पीकर बरामद किए गए। इसी तरह, मीरगंज के ग्राम गुलड़िया मस्जिद में भी ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी बरेली ने मीडिया से कहा कि प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि धार्मिक स्थल, चाहे किसी भी समुदाय के हों, सभी पर ध्वनि नियंत्रण कानून समान रूप से लागू होगा। उन्होंने बताया, “धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति या मानक से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाना कानूनन अपराध है। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
