बरेली: शहर में 12 घंटे में तीन अलग – अलग हादसों में पति पत्नी समेत चार की मौत हो गई। जिसके चलते शहर से लेकर देहात तक कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इसके साथ ही हादसों के कारणों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
बरेली देहात के बिशारतगंज कस्बा निवासी रविंद्र दोस्त की बेटी की शादी से लौट रहे थे। मजगामा गांव के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविंद्र मजदूरी और प्राइवेट नौकरी करके परिवार चलाते थे और दो बच्चों के पिता थे। घर में पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ई-रिक्शा को रौंदा ट्रक ने, पति-पत्नी की मौके पर मौत, बेटी घायल
शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सिद्धार्थनगर निवासी पंकज सिंह अपनी पत्नी सरिता और बेटी अंशिका के साथ शादी से लौट रहे थे। कृष्णा ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। पंकज और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी और ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हैं और जिला अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अनियंत्रित कार पलटी, मॉडल टाउन निवासी युवक की मौत, कई घायल
शहर के इज्जतनगर क्षेत्र में ही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मॉडल टाउन निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार कुछ लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
