बरेली/शाहजहांपुर: शाहजहांपुर में एंटी करप्शन टीम बरेली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक पूरन लाल को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तिलहर तहसील के पास मुख्य द्वार के पास की गई, जहां ट्रैप टीम पहले से ही मौजूद थी।
सहकारी समिति के काम के लिए मांगी गई थी रिश्वत
मामले में शिकायतकर्ता राजेश कुमार (थाना पुवायां, शाहजहांपुर) ने आरोप लगाया था कि उनकी मत्स्य जीवी सहकारी समिति के गठन से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए पूरन लाल रिश्वत मांग रहा था। परेशान होकर उन्होंने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।
शिकायत पर तुरंत हुई कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम बरेली ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते समय ही पकड़ लिया गया। मौके पर ही रकम बरामद कर ली गई।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पूरन लाल के खिलाफ थाना कटरा, शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
