फायरिंग के बाद बढ़ी सुरक्षा, प्रशासन ने दी बड़ी राहत
बरेली: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के पैतृक आवास पर दो माह पहले हुई फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चली हलचल के बीच जिला प्रशासन ने दिशा के पिता जगदीश पाटनी को शस्त्र लाइसेंस जारी कर दिया है। घटना के बाद से लगातार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा थी। अब प्रशासन की इस कार्रवाई को परिवार की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने भी आवेदन किया था। मगर, अभी उन्हें लाइसेंस नहीं मिला है। उनके लाइसेंस जारी करने की कवायद चल रही है।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 11 और 12 सितंबर की रात अज्ञात बदमाशों ने दिशा पाटनी के बरेली स्थित आवास पर दो बार फायरिंग की थी। घटना ने न सिर्फ इलाके में सनसनी फैलाई, बल्कि सोशल मीडिया और राष्ट्रीय मीडिया में भी खूब सुर्खियां बटोरीं। फायरिंग के 7 दिन के भीतर ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 19 सितंबर को एक मुठभेड़ में दो बदमाशों को ढेर कर दिया, जिन्हें इसी केस से जुड़ा बताया गया था।
जगदीश पाटनी को मिला शस्त्र लाइसेंस

फायरिंग के तुरंत बाद जगदीश पाटनी ने जिलाधिकारी अवनीश सिंह से मिलकर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और शस्त्र लाइसेंस देने का अनुरोध किया था। जिलाधिकारी ने मीडिया को बताया कि सभी औपचारिकताओं के बाद जगदीश पाटनी को रिवाल्वर/पिस्टल का शस्त्र लाइसेंस स्वीकृत कर दिया गया है, तो वहीं दिशा की बहन और पूर्व सेना अधिकारी मेजर खुशबू पाटनी का लाइसेंस अभी प्रक्रिया में है।
पुलिस की तरफ से क्या कहा गया?
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि “दिशा पाटनी के पिता के आवास पर सुरक्षा पहले की तरह ही बरकरार रहेगी।”पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त और निगरानी जारी रखे हुए है। फायरिंग के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगदीश पाटनी से सीधे बात की थी और सुरक्षा का आश्वासन दिया था। इसी के बादa से लगातार पुलिस टीम सक्रिय रही। संदिग्धों पर नजर रखी गई और फिर दो आरोपियों का एनकाउंटर किया गया
घटना ने क्यों बढ़ा दी थी चिंता?
दिशा पाटनी का परिवार वर्षों से बरेली के सिविल लाइंस, विला नंबर 40 में रहता है। शांत इलाके में अचानक फायरिंग से लोग दहशत में आ गए थे। परिवार की सुरक्षा और मकसद को लेकर कई सवाल उठे। लगातार दो दिनों तक फायरिंग होना गंभीर माना गया।
