बरेली: बरेली में नकली सिगरेट बनाने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ हुआ है। बारादरी पुलिस ने छापा मारकर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो नामी ब्रांड गोल्ड फ्लैक और गरम जैसी सिगरेट के नकली रेपर लगाकर उन्हें असली बताकर बेचता था। पुलिस ने मौके से सात कार्टून नकली सिगरेट बरामद की हैं।
सूचना पर की गई कार्रवाई, आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया
कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक व्यक्ति बाजार में नामी ब्रांड की नकली सिगरेट बेच रहा है। गुरुवार को सूचना मिली कि आरोपी शहदाना इलाके में माल सप्लाई करने पहुंचा है। इस पर निगरानी टीम मौके पर पहुंची और युवक को मस्जिद के पास रंगे हाथ पकड़ लिया।
घर में चल रही थी सिगरेट पैकिंग फैक्ट्री
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सीबीगंज थाना क्षेत्र के खड़ऊआ गांव का रहने वाला देवमूर्ति साहू अपने घर पर ही नकली सिगरेट की पैकिंग करता था। वह असली कंपनियों जैसे गोल्ड फ्लैक, गोदाम गरम, माउंड स्ट्रॉबेरी, रसियन माया, स्पेशल गोल्ड और एस्से लाइट के नाम से हूबहू डिज़ाइन वाले रेपर तैयार कर बाजार में बेच देता था।
कंपनी की साख पर पड़ रहा था असर
सूत्रों के अनुसार, नकली सिगरेट के चलते बाजार में असली ब्रांड की बिक्री पर भी असर पड़ रहा था। नकली रेपर इतने असली जैसे बनाए गए थे कि आम उपभोक्ता उन्हें पहचान नहीं पा रहे थे।
बारादरी पुलिस ने किया खुलासा
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने The Justice Hindi को बताया कि आरोपी देवमूर्ति साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से सात कार्टून नकली सिगरेट बरामद की गई हैं। अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
