बरेली : एंटी करप्शन टीम (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मचारी को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनस कादरी के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में लाइन कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था। इस मामले में डीडीपुरम विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (JE) जितेन्द्र केसरवानी का नाम भी सामने आया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायत मिलने के बाद बिछाया जाल
एंटी करप्शन टीम को मॉडल टाउन निवासी नितिन आनंद ने शिकायत दी थी कि उनके बढ़े हुए बिजली बिल को ठीक कराने के बदले 18 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया गया।
सड़क किनारे जनरेटर के पास रंगे हाथ दबोचा
मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनस कादरी को मॉडल टाउन स्थित बेक वैल कैफे के पास सड़क किनारे जनरेटर के पास रिश्वत लेते समय पकड़ लिया। बताया गया कि आरोपी शिकायतकर्ता से 18 हजार रुपये ले रहा था, तभी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
JE की भूमिका भी जांच के दायरे में
इस मामले में विद्युत उपकेंद्र 33/11 केवी डीडीपुरम के अवर अभियंता जितेन्द्र केसरवानी (JE) का नाम भी शामिल किया गया है। एंटी करप्शन टीम अब यह जांच कर रही है कि रिश्वत मांगने और वसूली में किसकी क्या भूमिका थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए जारी किए नंबर
एंटी करप्शन टीम ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तुरंत करें। संगठन की ओर से पुलिस उपाधीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के मोबाइल नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक बरेली इकाई के नंबर 9454401653 जारी किए गए हैं, जिन पर पीड़ित सीधे संपर्क कर सकते हैं।
