बरेली : यूपी के बरेली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना किला पुलिस और एएनटीएफ यूनिट बरेली की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 4 किलो अफीम और 275 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग नशीले पदार्थ लेकर ग्राम दौली रघुवरदयाल जाने वाली सड़क पर गंगा मंदिर के पास से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एएनटीएफ टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में अफीम और हेरोइन बरामद हुई।
दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें महेंद्र कुमार निवासी झारखंड और लोकपाल सिंह निवासी बदायूं शामिल हैं। इनके पास से 2 मोबाइल फोन और 2,140 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
झारखंड से लाकर करते थे सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड से सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर बरेली और आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने नशे की तस्करी शुरू की थी। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
