मंडप सजा, फेरे तय… तभी दूल्हे की मांग से आधी रात हवालात पहुंची बारात
बरेली : शादी की खुशियों के बीच दहेज की मांग ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि मंडप से सीधे हवालात तक मामला पहुंच गया। फेरे होने ही वाले थे, मंडप सजा था, मेहमान मौजूद थे। आरोप है कि, तभी दूल्हा और उसके परिजनों ने ब्रेजा कार और 20 लाख रुपये की शर्त रख दी। लड़की पक्ष ने विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। हंगामा इतना बढ़ा कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा और दूल्हा, उसके पिता व जीजा को हिरासत में ले लिया गया। यह सनसनीखेज घटना कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित युगवीणा मैरिज लॉन में शुक्रवार देर रात हुई।
8 महीने पहले तय हुआ था रिश्ता, सगाई में ही दिए गए थे लाखों
शहर के कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी मुरली मनोहर की बेटी ज्योति की शादी नई बस्ती, थाना प्रेमनगर निवासी ऋषभ से तय हुई थी। दूल्हे के पिता धान की मशीनों की सप्लाई का कारोबार करते हैं। करीब 8 महीने पहले रिश्ता तय हुआ था। मई महीने में शहर के एक बड़े होटल में सगाई हुई, जिस पर लड़की पक्ष ने करीब 3 लाख रुपये खर्च किए। सगाई के दौरान दूल्हे को सोने की अंगूठी, सोने की चेन, 5 लाख रुपये नकद दिए गए थे।
लग्न में एसी-फ्रिज, वॉशिंग मशीन और 1.20 लाख कैश
लड़की पक्ष के अनुसार, गुरुवार को लग्न की रस्म में भी दूल्हा पक्ष को एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद बतौर शगुन दिए गए। इसके बाद शुक्रवार देर रात नई बस्ती से बैंड-बाजे के साथ बारात युगवीणा मैरिज लॉन पहुंची। लड़की पक्ष ने पूरे सम्मान के साथ बारातियों का स्वागत किया। खाना-पीना और रस्में चल रही थीं। इसी दौरान अचानक दूल्हा और उसके परिजन ब्रेजा कार और 20 लाख रुपये की मांग पर अड़ गए। लड़की पक्ष ने असमर्थता जताई तो बात बढ़ती चली गई।
15 लाख से ज्यादा खर्च, फिर भी दहेज की जिद
लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय कराने वाले सिकलापुर निवासी इंद्रपाल ने भी लगातार गुमराह किया।अब तक शादी की तैयारियों, रस्मों, साज-सज्जा और मेहमाननवाजी में करीब 15 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इसके अलावा बारात में दूल्हे और उसके परिजनों को सोने की चेन, अंगूठियां और नकदी दी गई।
हंगामे के बाद पहुंची पुलिस, तीन लोग हिरासत में
दहेज को लेकर विवाद बढ़ा तो किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने हालात काबू में लिए। दुल्हन पक्ष के अनुसार दूल्हा, उसके पिता और जीजा को हिरासत में ले लिया। शादी वहीं रुक गई और खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। कैंट थाना पुलिस ने मीडिया को बताया कि“लड़की पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर दहेज प्रताड़ना समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
